धमतरी। धमतरी पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिहावा पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर दिल्ली निवासी एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 07 किलो 724 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल एवं नगदी सहित लगभग 4.35 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल क्रमांक RJ-20-BD-3334 में अवैध गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाने वाला है। सूचना मिलते ही थाना सिहावा पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा (40 वर्ष) निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग एवं प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 07 किलो 724 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजा परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं 2 हजार रुपये नगद जप्त कर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।