धमतरी जनपद पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में शुक्रवार को उपसरपंच संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के उपसरपंचों ने भाग लेकर संगठन को सशक्त बनाने, उपसरपंचों के अधिकारों की रक्षा तथा पंचायत स्तर की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
बैठक में उपसरपंचों के मानदेय में वृद्धि की मांग प्रमुखता से उठाई गई। उपस्थित सदस्यों ने पंचायत व्यवस्था में उपसरपंचों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने तथा पंचायत कार्यों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया। साथ ही संघ द्वारा प्रतिवर्ष उपसरपंचों का वार्षिक सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे प्रदेशभर के उपसरपंच एक मंच पर आकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा कर सकें।
बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि किसी भी उपसरपंच को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किए जाने अथवा राजनीतिक द्वेषवश कार्रवाई किए जाने की स्थिति में उपसरपंच संघ प्रशासन के समक्ष मजबूती से मामला उठाएगा तथा संबंधित पक्षों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग करेगा।
उपसरपंच संघ अध्यक्ष माधवेंद्र साहू ने कहा कि पंचायत व्यवस्था में उपसरपंचों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण विकास एवं जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है, इसलिए उनके सम्मान, अधिकार एवं सुविधाओं में वृद्धि के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संघ उपसरपंचों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ता रहेगा।
बैठक के अंत में संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर मनीष साहू, विनोद डिंडोलकर, नोमेश सिन्हा, खिलेंद्र साहू, अरमान खान, तातेश्वर साहू, देवनारायण साहू, मिलन साहू, पुनराद धीवर, दामन साहू, ज्योतिबा खरे, प्रतिभा साहू, बसंती साहू, डुमेश्वरी नेताम एवं परमेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में उपसरपंच उपस्थित रहे।