धमतरी विकासखंड मगरलोड के ग्राम डूमरपाली में “विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, जनपद सदस्य  तिलोत्तमा साहू, मंडल अध्यक्ष मोहन साहू, सरपंच पुष्पा देवदास सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी, जिसमें संतुलित उर्वरक उपयोग, हरी खाद, नील-हरित शैवाल, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बीज उपचार, जैविक खेती, नैनो उर्वरक, ऑयल पाम खेती, फसल चक्र, पराली प्रबंधन एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी  के.एस. नरेटी सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं आत्मा स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि एवं सतत कृषि को बढ़ावा देना है। कृषकों ने जानकारी को अपनाने के प्रति सकारात्मक रुचि दिखाई।