धमतरी—
जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत नवीन नगर पंचायत करेली बड़ी स्थित एक उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय निवासी एवं पात्र हितग्राही ढालचंद निषाद द्वारा जिला प्रशासन को शिकायत प्रस्तुत कर बताया गया है कि शासन द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुरूप राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।शिकायत के अनुसार, संबंधित दुकान मां भगवती महिला स्व-सहायता समूह, दुकान क्रमांक 592002071, गायत्री मंदिर के पास संचालित है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं, जैसे केवाईसी आदि पूर्ण करने के बावजूद, निर्धारित 35 किलोग्राम चावल के स्थान पर केवल 20 किलोग्राम चावल ही दिया जा रहा है।शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि यह समस्या एक बार की नहीं है, बल्कि पूर्व में भी इसी प्रकार की स्थिति सामने आ चुकी है।
इससे अन्य हितग्राहियों के प्रभावित होने की बात भी सामने आ रही है।आवेदन में बताया गया है कि राशन प्राप्ति के दौरान ही यह विसंगति सामने आई थी और इस संबंध में पहले भी मौखिक रूप से ध्यान दिलाया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले से जुड़े कुछ प्रमाण उनके पास उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत किया जा सकता है।इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और भविष्य में सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की भी अपील की गई है।
0 Comments