धमतरी, 01 मई 2026। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले के श्रम अन्न केंद्र में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर श्रमिकों के योगदान का सम्मान किया गया तथा उनके कल्याण हेतु प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम में श्रमिकों का सम्मान करते हुए उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान पर चर्चा की गई।
श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए “शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना” के तहत मात्र ₹5 में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। जिला श्रम पदाधिकारी एन.के. साहू ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कुरूद, मगरलोड, नगरी और धमतरी में संचालित मुख्यमंत्री श्रम संसाधन केंद्रों के माध्यम से पंजीयन व अन्य सुविधाएं निःशुल्क दी जा रही हैं।
नवीन श्रमिक ऐप और नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना की जानकारी भी दी गई, जिसके तहत वर्ष 2025-26 में लगभग 53 हजार छात्रों को लाभ मिला। वर्तमान में मकई गार्डन एवं गांधी मैदान (श्याम तराई) क्षेत्र में श्रम अन्न केंद्र संचालित हैं।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, श्रमिक संगठन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। साथ ही नगरी नगर पंचायत में शीघ्र नए श्रम संसाधन केंद्र की स्थापना की जानकारी भी दी गई।