धमतरी,
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में धमतरी जिले के विद्यार्थियों ने इस वर्ष सराहनीय प्रदर्शन किया है। कुल परिणाम को लेकर जिले में संतोष और उत्साह का माहौल है, वहीं बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर परिणाम देकर अपनी बढ़त कायम रखी है।
कक्षा 12वीं में इस वर्ष कुल परिणाम 84.18 प्रतिशत रहा। इसमें बालिकाओं का सफलता प्रतिशत 87.33 रहा, जबकि बालकों का 79.40 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिले से 8126 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 8103 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 4213 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 2484 ने द्वितीय श्रेणी और 121 ने तृतीय श्रेणी में सफलता हासिल की। कुल 6818 विद्यार्थी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।
वहीं कक्षा 10वीं के परिणाम की बात करें तो कुल 76.18 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। बालिकाओं का परिणाम 82.01 प्रतिशत और बालकों का 68.15 प्रतिशत रहा। इस कक्षा में 10683 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 10596 परीक्षा में शामिल हुए। 4425 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 3372 ने द्वितीय श्रेणी और 257 ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। कुल 8054 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की।
इस वर्ष जिले के लिए विशेष उपलब्धि ग्राम कंडेल की छात्रा कुशुमलता की रही, जिन्होंने कक्षा 12वीं में 500 में से 487 अंक (97.40 प्रतिशत) अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पाँचवाँ स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता ने जिले का गौरव बढ़ाया है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुशुमलता को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जिले के शिक्षकों, प्राचार्यों और अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह परिणाम सामूहिक मेहनत का प्रतिफल है।
जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले वर्षों में भी धमतरी के विद्यार्थी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
0 Comments