धमतरी मगरलोड-

मगरलोड विकासखंड में संचालित प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सेकंड चांस प्रोग्राम के अंतर्गत आज साहू कर्मा भवन में “झलक कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री टी.एस. ठाकुर (बीआरसी) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नंदनी सिन्हा (भाजपा मंडल अध्यक्ष) तथा श्रीमती भानुप्रिया (सरपंच, भैसमुंडी) उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात “झलक कार्यक्रम” के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुतिकरण (PPT) के माध्यम से साझा की गई। इस दौरान छात्राओं को दसवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही, प्रथम स्किलिंग सेंटर में संचालित विभिन्न कौशल आधारित पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए यह बताया गया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राएं अपने कौशल का विकास कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं तथा अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं।

मुख्य अतिथि श्री टी.एस. ठाकुर ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि “शिक्षा जीवन में सफलता की कुंजी है। छात्राओं को न केवल पढ़ाई जारी रखनी चाहिए, बल्कि बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस भी रखना चाहिए। ओपन शिक्षा प्रणाली के माध्यम से 12वीं के साथ-साथ उच्च शिक्षा भी प्राप्त कर अपने करियर को नई दिशा दी जा सकती है।”

विशिष्ट अतिथि श्रीमती नंदनी सिन्हा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, महतारी जतन योजना एवं मुद्रा लोन योजना का लाभ लेकर वे अपने स्वरोजगार एवं व्यवसाय को आगे बढ़ा सकती हैं।

कार्यक्रम में वर्तमान सत्र की लगभग 80 छात्राएं एवं उनके पालकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सेकंड चांस प्रोग्राम से एससीटीए दिनेश एवं विकास, धमतरी स्किलिंग टीम से हरेश, ईश्वरी एवं सोनम रानी, पाथवे कोऑर्डिनेटर बलीराम दिव्य, टीम लीडर अर्चना जोशी तथा सहयोगी अमरबती, माधुरी एवं परमेश्वरी की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।