धमतरी-
क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि चौकी करेलीबड़ी में सेवाएं दे चुके लक्ष्मी शंकर मंडलेश्वर की सुपुत्री डॉ. प्रिया मंडलेश्वर को देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल भारतीय प्रबंधन संस्थान इंदौर से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है।
डॉ. प्रिया ने 28 मार्च को आयोजित दीक्षांत समारोह में यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शैक्षणिक यात्रा पर नजर डालें तो प्रिया शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने बीकॉम में गोल्ड मेडल प्राप्त किया और इसके बाद उनका चयन बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में एमकॉम के लिए हुआ। उच्च शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत के चलते उन्होंने आगे बढ़ते हुए आईआईएम इंदौर से फाइनेंस प्रबंधन में पीएचडी पूरी की।सामान्य परिवार से आने वाली प्रिया के पिता लक्ष्मी शंकर मंडलेश्वर वर्तमान में सिहावा नगरी में पुलिस विभाग में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सेवती मंडलेश्वर गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।डॉ. प्रिया मंडलेश्वर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता और परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने कहा कि छोटे गांव से निकलकर बड़े संस्थान तक पहुंचना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन निरंतर प्रयास और विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
0 Comments