धमतरी,  में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने नगर स्थित ‘सार्थक स्कूल’ का निरीक्षण किया। यह विद्यालय मानसिक रूप से विशेष बच्चों के लिए संचालित किया जा रहा है, जहां कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन कर शैक्षणिक एवं सहायक गतिविधियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिक्षकों एवं स्टाफ से संवाद करते हुए बच्चों की दैनिक दिनचर्या, प्रशिक्षण पद्धति तथा उनकी विशेष आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ड्राइंग एवं अन्य कलात्मक गतिविधियां प्रस्तुत कीं, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की। कलेक्टर ने विशेष बच्चों के लिए समुचित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक आवासीय हॉस्टल निर्माण हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित हॉस्टल का निर्माण बच्चों की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाए, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सकीय सुविधा एवं मनोरंजन के समुचित प्रावधान सुनिश्चित हों। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर के समतलीकरण कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण का समावेश अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं देखभाल प्रदान करने में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने पर बल दिया।