धमतरी जिले के थाना मगरलोड अंतर्गत पुलिस चौकी करेलीबड़ी द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम करेलीबड़ी के मजराटोला स्थित बिजली कार्यालय के पास मुख्य मार्ग पर एक युवक धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल निर्मित हो गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर एक युवक हाथ में काले रंग का धारदार चाकू लहराते हुए पाया गया, जो आम नागरिकों को भयभीत कर रहा था।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम संजय साहू (20 वर्ष), पिता – नरेन्द्र साहू, निवासी करेलीबड़ी बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लगभग 12 इंच लंबा स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी द्वारा उक्त हथियार के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
प्रकरण में पुलिस चौकी करेलीबड़ी द्वारा थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
0 Comments