धमतरी/मगरलोड -
ग्राम पंचायत बुडेनी में आयोजित तीन दिवसीय रामायण प्रतियोगिता कार्यक्रम धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और रामायण पाठ व प्रतियोगिता में शिरकत कर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति द्वारा विधायक का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा कुछ समय तक आत्मीय चर्चा भी की। विधायक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।ग्राम बुडेनी में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह रामायण प्रतियोगिता क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा बन चुकी है, जिसमें भगवान श्रीराम के चरित्र, आदर्श जीवन और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को मर्यादा, सत्य और कर्तव्य पालन का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मीना डेमू साहू, जनपद सदस्य राजेश साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, होरीलाल साहू, सरपंच खेमू साहू, सचिव सेवक साहू, प्रहलाद निषाद, मदन साहू, विजय पटेल, शांति साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
0 Comments