धमतरी जिले में पुलिस ने गौवंशों के अवैध एवं अमानवीय परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 09 बछड़ों को सुरक्षित बरामद किया है। इस मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को असुरक्षित और क्रूर परिस्थितियों में भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में कुल 09 बछड़ों को अत्यधिक भीड़भाड़ और बिना आवश्यक व्यवस्था के ले जाया जा रहा था। मौके पर मौजूद दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
कार्रवाई के दौरान उपयोग में लाया गया वाहन, आवश्यक दस्तावेज एवं सभी गौवंशों को जब्त कर लिया गया है। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी पशुओं के साथ इस प्रकार का अमानवीय व्यवहार या अवैध परिवहन देखा जाए तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
0 Comments