भारत की प्रस्तावित जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जनगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वे बिना पूर्व अनुमति के न तो अवकाश पर जाएंगे और न ही मुख्यालय त्यागेंगे। केवल विशेष परिस्थितियों में ही जिला जनगणना शाखा के माध्यम से प्रस्तुत अवकाश आवेदन पर विचार किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पूर्व में कार्यालय प्रमुख द्वारा स्वीकृत अवकाश के मामलों में भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनः जिला जनगणना शाखा के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी से अनिवार्य रूप से अनुमोदन प्राप्त करना होगा। अन्यथा ऐसी अवकाश स्वीकृति मान्य नहीं मानी जाएगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।