धमतरी, मगरलोड कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत मगरलोड में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत एक प्रभावी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देना और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने 35 प्रतिशत अनुदान की सुविधा, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तथा फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यशाला में जनपद पंचायत सीईओ सुश्री दिव्या ठाकुर, उद्योग विभाग की प्रबंधक श्री प्रचेता किरण एवं डीआरपी डॉ. संदीप मेश्राम सहित कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कृषकों और ग्रामीण हितग्राहियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान कुल 14 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए, जिससे उन्हें शीघ्र ही योजना का लाभ प्राप्त होगा। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को स्वरोजगार अपनाने और योजना का अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। यह कार्यशाला स्थानीय उद्यमिता को सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में उभरकर सामने आई।