धमतरी पुलिस द्वारा त्वरित एवं सटीक कार्यवाही करते हुए नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह को गिरफ्तार किया गया है। प्रार्थी सोहन लाल पाल, निवासी ग्राम पटेवा, थाना गोबरा नवापारा (जिला रायपुर) द्वारा दिनांक 13 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम नवागांव स्थित उनकी कपड़ा दुकान में अज्ञात आरोपियों द्वारा रात्रि में शटर उठाकर चोरी की गई, जिसमें लगभग 1,37,000 रुपये मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग एवं नगदी चोरी हो गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण कर साइबर सेल की सहायता से एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (RJ 20 GC 0653) की पहचान की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग करते हुए लोकेशन मध्यप्रदेश में मिलने पर पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। पुलिस टीम द्वारा आष्टा, जिला सीहोर (मध्यप्रदेश) में घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा गया, जिसमें तीन आरोपी सवार मिले। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में विकम बागड़ी (जिला कोटा, राजस्थान), बबलु बागड़ी एवं रोहित बागड़ी (जिला बारां, राजस्थान) शामिल हैं।
आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरियां, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, लोहे का सब्बल एवं लकड़ी का कुंदा जप्त किया गया है। आरोपियों ने कुछ साड़ियां परिचितों को बांटने की बात भी स्वीकार की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व में दुकान की रेकी कर रात्रि में औजारों की सहायता से शटर उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया और सामान को बोरियों में भरकर पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश की ओर फरार हो गए थे।
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
0 Comments