जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने हेतु प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा धमतरी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न होटलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया।
इस जांच अभियान का नेतृत्व सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव, निलेश चन्द्राकर तथा खाद्य निरीक्षक वैभव कोरटिया द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान शांति कॉलोनी स्थित ‘मालिक केटर्स’ में गंभीर अनियमितता सामने आई।
विभागीय अभिलेखों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठान के नाम पर 40 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का पंजीयन है, जबकि मौके पर केवल 23 खाली सिलेंडर ही पाए गए। शेष 17 सिलेंडरों के संबंध में संचालक महेश कुमार रंगलानी द्वारा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। इस विसंगति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी की आशंका व्यक्त की है।
उक्त प्रकरण में संचालक के विरुद्ध द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 की कंडिका 03 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही 23 नग इंडेन व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी के विरुद्ध कुल 34 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें 73 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
0 Comments