जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार शाम कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर बड़ी मात्रा में डीजल जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कुरुद को मिली शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स, कुरुद में निरीक्षण किया। जांच के दौरान पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम एवं परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में डीजल का भंडारण पाया गया। निरीक्षण में 4 ड्रम पूर्ण भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम तथा 2 मिनी टैंकरों में लगभग 2100 लीटर डीजल मौजूद पाया गया। इस प्रकार कुल लगभग 3100 लीटर डीजल का अवैध भंडारण प्रारंभिक जांच में सामने आया। संयुक्त टीम ने मौके पर ही डीजल एवं संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया। साथ ही, पूरे प्रकरण का प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को सौंप दिया गया है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 Comments