धमतरी-
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुरुद तहसील क्षेत्र में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कुरुद स्थित लक्की गैस चूल्हा एवं बर्तन भंडार में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जाता पाया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान से 3 खाली और 1 भरा हुआ एचपी गैस सिलेंडर, साथ ही डबल बर्नर गैस चूल्हा, पाइप और रेगुलेटर बरामद किए गए। संयुक्त टीम ने उक्त सामग्री को आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित हैं। इनका उपयोग किसी भी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान में करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जिले के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और वाणिज्यिक कार्यों के लिए केवल निर्धारित कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें, ताकि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।