धमतरी-
मगरलोड थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने मवेशी लेकर जा रहे युवकों को रोककर पहले मारपीट की, फिर खुद को पुलिस और किसी दल का सदस्य बताकर जबरन वाहन में बैठाकर ले गए और कुल 43,800 रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे, निवासी छाती थाना कुरूद ने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई कि 3 मार्च 2026 को वह अपने गांव के फगेश्वर कुमार साहू के पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MQ 1589 में फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव,लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ दो बछड़ों को छोड़ने ग्राम मुडकेरा जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 3 बजे आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग में स्विफ्ट कार क्रमांक CG 05 AP 6389 में सवार ओमकार कुर्रे,राहुल कुर्रे,चांद कुर्रे, विकास आडिल और शाहिल अली ने पिकअप वाहन को रोक लिया और मवेशी ले जाने के संबंध में पूछताछ करते हुए पैसों की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।इसके बाद आरोपियों ने स्वयं को पुलिस और किसी संगठन का सदस्य बताते हुए पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठाकर दुगली की ओर ले गए दुगली–नगरी मार्ग स्थित तालाब के पास फिर से मारपीट कर आरोपियों ने प्रार्थी से नकद 13,800 रुपये लूट लिए तथा उसके मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से 30,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल 43,800 रुपये की लूट की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा126(2),127(3),296,115(2), 351(3), 140(3) एवं 310(2) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रार्थी व गवाहों के बयान,घटनास्थल निरीक्षण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी और आरोपी ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे तथा राहुल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने घटना करना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार क्रमांक CG 05 AP 6389, सैमसंग एवं ओप्पो मोबाइल फोन तथा लूट की नगदी रकम गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
0 Comments