धमतरी-
(धुलेंडी) पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय और संवेदनशील क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला। मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करना रहा।फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ होते हुए नहरनाका चौक से विंध्यवासिनी मंदिर तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी। मकई चौक से सदर बाजार तक सघन पैदल मार्च भी किया गया, जिससे शहर में सुरक्षा का माहौल बना रहा।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अड्डेबाजी, चाकूबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है, जबकि होटल, ढाबा और लॉज की भी लगातार चेकिंग जारी है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी, पेट्रोलिंग और गश्ती दल तैनात किए गए हैं।धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। बिना सहमति किसी पर रंग न डालें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 100, 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 94791-92299 पर संपर्क किया जा सकता है।फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिसअधीक्षक, अपर कलेक्टर, सीएसपी, एसडीओपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, थाना प्रभारी, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने अंत मेंजिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
0 Comments