धमतरी/मगरलोड-
धान उपार्जन से जुड़े किसानों के लिए प्रदेश सरकार की अंतर राशि योजना क्षेत्र में बड़ी राहत लेकर आई है। मगरलोड विकासखंड के 23,609 किसानों के बैंक खातों में लगभग ₹82 करोड़ की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की गई। एक साथ इतनी बड़ी राशि मिलने से ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह और भरोसे का वातावरण बना है तथा किसानों ने इसे खेती के लिए मजबूत आधार बताया है।मधुबन धाम परिसर में आयोजित किसान सम्मेलन में लाभान्वित किसानों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, फसल विविधीकरण बढ़ाने तथा दलहन-तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया, ताकि आय के स्थायी स्रोत विकसित हो सकें।किसानों ने बताया कि समय पर मिली आर्थिक सहायता से बीज, उर्वरक, कीटनाशक और कृषि उपकरणों की व्यवस्था करना आसान हो गया है। इससे खेती की लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने की संभावना है।
किसानों का कहना है कि सीधे खाते में राशि आने से कर्ज पर निर्भरता घटेगी और आगामी सीजन की तैयारी समय पर पूरी हो सकेगी।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों, कृषि विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और आत्मनिर्भर खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।विशेषज्ञों के अनुसार प्रत्यक्ष नकद सहायता से ग्रामीण बाजारों में क्रय शक्ति बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा।
मधुबन खैर सिटी में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, जिला पंचायत धमतरी की सभापति मीना डेमू साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, उपाध्यक्ष राजेश साहू, सभापति टीकाराम कवर सहित कृषि विभाग के एसडीओ कीर्तन सिंह नरेटी एवं अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
0 Comments