धमतरी-
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने गुंडा, निगरानी और आदतन बदमाशों के खिलाफ विशेष सघन अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में कार्रवाई करते हुए 35 बदमाशों को पुलिस लाइन में तलब कर कड़ी चेतावनी दी गई।पुलिस लाईन रूद्री में आयोजित इस विशेष परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने सभी निगरानी, गुंडा और माफी सूची के बदमाशों से व्यक्तिगत चर्चा की। उन्हें स्पष्ट रूप से चेताया गया कि होली के दौरान मारपीट, चाकूबाजी, जबरन वसूली, अड्डेबाजी या किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को समाज की मुख्यधारा में लौटकर सकारात्मक जीवन अपनाने की सलाह देते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
संतोषजनक आचरण रखने वालों को भविष्य में माफी सूची में शामिल करने पर विचार करने की बात कही गई।एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां लगातार पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनी रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।इस कार्रवाई में एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
0 Comments