धमतरी,
जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हरफतराई, मुख्य नहर पार अर्जुनी क्षेत्र में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बैंगनी रंग के पिट्ठू बैग में रखी 31 पौवा देशी शराब, बिक्री की नगदी राशि और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 55,880 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अर्जुनी में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आरोपी का विवरण: टिकेश्वर साहू (38 वर्ष), पिता रामविलास साहू, निवासी ग्राम डोडकी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।