विश्व आर्द्रभूमि (वेटलैंड) दिवस के अवसर पर धमतरी वनमंडल द्वारा जिले के विभिन्न आर्द्रभूमि क्षेत्रों में जन-जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्द्रभूमियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत उपयोग के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम धमतरी वनमंडलाधिकारी जयकृष्ण के निर्देशन में तथा संयुक्त वनमंडलाधिकारी मनोज विश्वकर्मा एवं जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन में प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक धमतरी, वन परिक्षेत्राधिकारी धमतरी, केरेगांव एवं नगरी, सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी, वन अमला एवं ग्राम वन प्रबंधन समितियों की सक्रिय सहभागिता रही।
वन परिक्षेत्र धमतरी अंतर्गत ग्राम विश्वामपुर रामटेकारी एवं ददलली तथा वन परिक्षेत्र केरेगांव अंतर्गत फूटहामुड़ा, नगरी एवं सांकरा सहित आसपास के ग्रामों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की गईं। इसके अंतर्गत फूटहामुड़ा, विश्वामपुर रामटेकारी, ददलली एवं मटियाबाहरा फॉरेस्ट क्षेत्रों में श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं वन कर्मियों ने मिलकर नदी, नाला, तालाब एवं जलाशयों को स्वच्छ रखने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने, जैव विविधता संरक्षण, वनों में आग न लगाने तथा आर्द्रभूमियों की सुरक्षा का संदेश दिया।
इसी क्रम में ग्राम आमली में वेटलैंड दिवस के अवसर पर विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आर्द्रभूमियों के महत्व, संरक्षण तथा उनके सतत उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, ग्राम वन प्रबंधन समिति के सदस्यों, महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
0 Comments