धमतरी/ कुरूद -
धमतरी जिला शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर मजबूत पहचान बना रहा है। इसी क्रम में विकासखंड मुख्यालय कुरूद में शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन एवं स्टाफ क्वार्टर का भूमिपूजन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, डीपीएम प्रिया कवर सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अमला एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग धमतरी द्वारा किया गया।शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का नवीन भवन लगभग 8.68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। भवन में आधुनिक कक्षाएं, स्मार्ट क्लासरूम, नर्सिंग एवं सिमुलेशन लैब, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशासनिक कक्ष, ऑडिटोरियम तथा पेयजल, विद्युत और हरित परिसर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा।मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद का प्रत्येक युवा हुनरमंद बने, यही उद्देश्य है।
 नर्सिंग एवं व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से ऐसा वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहां रोजगार के लिए पलायन की आवश्यकता न पड़े और स्थानीय स्तर पर ही सेवा एवं प्रगति के अवसर मिलें। नर्सिंग महाविद्यालय से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा।उन्होंने कहा कि कुरूद के सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नर्सिंग की पढ़ाई के लिए अब विद्यार्थियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। आने वाले समय में बीए, एलएलबी, पॉलिटेक्निक जैसे संस्थान भी प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए डांडेसरा, बड़ी करेली और कचना में औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जा रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मेडिकल कॉर्पोरेशन बोर्ड अध्यक्ष दीपक महस्के ने कहा कि कुरूद में विकास के नित नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।