धमतरी- 
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय, धमतरी का निरीक्षण किया। वे महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव में शामिल होने के उपरांत परिसर का भ्रमण करते हुए कॉलेज प्रशासन से रूबरू हुईं और उनकी आवश्यकताओं व प्रस्तावों की जानकारी ली।इस अवसर पर रंजना साहू ने कहा कि कन्या महाविद्यालय को सर्वसुविधायुक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बालिकाओं की उच्च शिक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए राज्य सरकार और भाजपा संगठन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि महाविद्यालय की सभी आवश्यक मांगों को शासन स्तर पर शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।उन्होंने जानकारी दी कि धमतरी कन्या महाविद्यालय में शीघ्र ही एमएससी जूलॉजी, एमएससी बॉटनी तथा एमकॉम जैसे नए विषय प्रारंभ किए जाएंगे,
 जिससे छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। इसके साथ ही दूरदराज से आने वाली बालिकाओं के लिए सौ बिस्तरों वाला सर्वसुविधायुक्त छात्रावास भी जल्द तैयार किया जाएगा।खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कॉलेज परिसर में विशेष स्पोर्ट्स ग्राउंड का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि छात्राएं खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखार सकें। रंजना साहू ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित, अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है, जिससे धमतरी की बेटियां आत्मनिर्भर बनकर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी साहू, दमयंती साहू, जागेश्वरी साहू, विजय साहू, अशोक सिन्हा, ईश्वर सोनकर, उमेश साहू, अनिता यादव, विनय जैन, लोकेश टंडन, आयुष दीवान, मिश्री पटेल एवं फलेंद्र साहू सहित अन्य उपस्थित रहे।