धमतरी-
आगामी 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा संचालन को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करती हैं। ऐसे में परीक्षा से संबंधित प्रत्येक कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए नियमित अतिरिक्त कक्षाएं, रिवीजन सत्र, मॉडल प्रश्नपत्रों का अभ्यास तथा विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी निरंतर मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर ने परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा तथा परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने बोर्ड परीक्षाओं की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित वितरण, प्रश्नपत्रों एवं उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन तथा मूल्यांकन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय स्तर पर परिणाम सुधार के लिए रणनीतिक कार्ययोजना बनाकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया।जिला मिशन समन्वयक ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों के साथ सतत संवाद बनाए रखने, विद्यार्थियों को परीक्षा-तनाव से मुक्त रखने तथा परामर्श सत्रों के माध्यम से उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने की बात कही।
बैठक के अंत में सभी प्राचार्यों ने प्राप्त निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परिणामों को और बेहतर बनाने की बात कही।
0 Comments