धमतरी जिले के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास को नई दिशा देते हुए नगर को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। नगर के प्रतिष्ठित नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन) को 250 सीटर से विस्तारित कर 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह बहुमंजिला और अत्याधुनिक परिसर लगभग 11 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा।यह परियोजना विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा अध्ययनशील नागरिकों को शांत, सुव्यवस्थित और आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगी। पूर्व में हटकेश्वर वार्ड में 250 सीटर नालंदा परिसर की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, जिसे जिला प्रशासन एवं नगर निगम के निरंतर प्रयासों और समन्वय के फलस्वरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा 500 सीटर तक विस्तारित किया गया है।निर्माण पूर्ण होने के पश्चात नालंदा परिसर एक भव्य एवं सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक भवन के रूप में विकसित होगा। परिसर में ई-लाइब्रेरी, डिजिटल अध्ययन संसाधन, वाई-फाई सुविधा, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, लिफ्ट सुविधा एवं आधुनिक सुरक्षा प्रणाली उपलब्ध होगी। यह केंद्र राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं का प्रमुख अध्ययन स्थल बनेगा।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे धमतरी जिले के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह परिसर विद्यार्थियों को संसाधनयुक्त और अनुशासित अध्ययन वातावरण प्रदान करेगा। निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सुशासन की स्थापना के साथ विकास कार्यों को नई गति मिली है और नालंदा परिसर का विस्तार धमतरी के प्रति मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का प्रत्यक्ष प्रमाण है।प्रस्तावित नालंदा परिसर का निर्माण 0.60 हेक्टेयर भूमि पर किया जाएगा, जिसमें ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकण्ड फ्लोर एवं टावर फ्लोर सहित बहुमंजिला लाइब्रेरी भवन का निर्माण होगा। इसके अंतर्गत 13 पैसेंजर क्षमता की लिफ्ट, 70 यूनिट एयर कंडीशनिंग सिस्टम तथा एसीपी और वॉल क्लैडिंग कार्य शामिल हैं।इसके साथ ही सीसी रोड, बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम, भव्य प्रवेश द्वार, लैंडस्केपिंग, जल आपूर्ति एवं सेनेटेशन व्यवस्था, एलईडी लाइटिंग, सोलर पैनल, ट्रांसफार्मर, सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम की सुविधा भी विकसित की जाएगी। नॉन-एसओआर मद के अंतर्गत आधुनिक फर्नीचर और पुस्तकों की समृद्ध व्यवस्था की जाएगी।समग्र रूप से 500 सीटर नालंदा परिसर धमतरी जिले के युवाओं के लिए ज्ञान, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य का सशक्त केंद्र बनेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में जिले को नई पहचान दिलाएगा।
0 Comments