धमतरी -
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले सहित सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन के उद्देश्य से चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर डीआरजी टीम ने हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी पुलिस की डीआरजी टीम नक्सल सर्चिंग अभियान के तहत चंदन बाहरा एवं सेमरा क्षेत्र, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद के लिए रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान आत्मसमर्पित नक्सली भूमिका एवं अमिला की निशानदेही पर थाना मैनपुर क्षेत्रांतर्गत सेमरा पहाड़ से नक्सलियों द्वारा छुपाकर तथा डम्प कर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री को बरामद किया गया।बरामदगी में एक नग बीजीएल बैरल ग्रेनेड लांचर रायफल, एक नग 8 एमएम रायफल, तीन नग बीजीएल ग्रेनेड, आठ नग बीजीएल के खाली कार्टिज, लगभग 25 ग्राम गन पाउडर एवं एक नग पोच शामिल है। बरामद समस्त सामग्री को विधिवत जप्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बरामदगी नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। धमतरी पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियान आगे भी पूरी सतर्कता एवं प्रभावी रणनीति के साथ निरंतर जारी रहेगा।
0 Comments