धमतरी-
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले के विद्यार्थियों के बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिले के सरकारी हाई स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में जिले की 168 हाई स्कूल शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।संवाद के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को परीक्षा की प्रभावी तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन के महत्व, उत्तर लेखन की सटीक पद्धति तथा तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सुनियोजित अध्ययन, निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ की गई तैयारी विद्यार्थियों को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकती है।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं खुलकर साझा करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उन्होंने सरल, व्यवहारिक और प्रेरणादायक तरीके से समाधान प्रस्तुत किया। विशेष रूप से मॉडल उत्तर लेखन पर मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने बताया कि क्रमबद्ध, स्पष्ट और बिंदुवार उत्तर लिखने से परीक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि विगत 15 वर्षों के बोर्ड प्रश्नपत्रों के आधार पर नियमित अभ्यास कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा पैटर्न की गहन समझ विकसित हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षक और विद्यार्थी का समन्वित प्रयास ही जिले को उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में सहायक होगा।इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक शिक्षा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों समीर साहू, समीर चंद्रवंशी, सौरभ कुमार, कु. रश्मि नामदेव, कु. पुष्पशी यादव एवं शुभम साहू—को सम्मानित किया। उन्होंने इन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
0 Comments