धमतरी-
रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी बेटियां सम्मान कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासकीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में कलेक्टरअबिनाश मिश्रा ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रथम तीन-तीन छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि शासकीय विद्यालयों की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह सफलता छात्राओं के निरंतर परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता, समान अवसर और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
 कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में मोक्षिका साहू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पचपेड़ी ने 97.33 प्रतिशत, भूमिका साहू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलौटी ने 97.00 प्रतिशत तथा नैना कोसले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भांठापारा ने 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।वहीं कक्षा 12वीं में हेमीन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कन्या कुरूद ने 93.40 प्रतिशत, लीन साहू स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, कुरूद ने 92.60 प्रतिशत तथा मुश्कान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कन्या कुरूद ने 91.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया।कलेक्टर ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सतत अध्ययन पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरानी एक्का, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।