अबिनाश मिश्रा ने विकासखंड नगरी के कुकरेल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का समग्र जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था, दवा वितरण, भोजन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रसूति कक्ष, मरीज वार्ड, दवा वितरण कक्ष और इंजेक्शन कक्ष का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने को अनिवार्य बताया। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नियमित साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। योग और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान हर शनिवार आयोजित योग सत्रों की जानकारी ली गई और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर निजी चिकित्सा संस्थानों से समन्वय कर यह सुविधा शुरू कराने की बात कही गई, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े, साथ ही आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हर हाल में बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान गजेन्द्र सिंह ठाकुर और यू.एल. कौशिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
0 Comments