धमतरी-
 जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 706 पौवा अवैध देशी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त एक रिनॉल्ट ट्राइबर कार जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 72 हजार 320 रुपये आंकी गई है।पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार के माध्यम से ग्राम बोरसी की ओर अवैध देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने शराब भट्ठी रोड, गौठान के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG-05-AQ-0938 को रोका।तलाशी के दौरान वाहन से 310 पौवा देशी प्लेन शराब कीमत 24,800 रुपये तथा 396 पौवा देशी मसाला शराब कीमत 47,520 रुपये बरामद की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त कार कीमत लगभग 5 लाख रुपये भी जब्त की गई। आरोपियों के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 29/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों  केशव दास सोनवानी दुर्गेश सोनवानी एवं ललित महानंद को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी ललित महानंद के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।