धमतरी,
नेशनल हाईवे-30 पर धमतरी-खपरी बाईपास के पास आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक एक डिजायर कार खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में सीआरपीएफ के तीन जवानों और चालक की मौत हो गई।
बताया गया है कि जवान जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे। दुर्घटना खपरी बाईपास के पास हुई। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। एक घायल जवान को रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवान के इलाज की व्यवस्था देखी और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन परिवारों के साथ है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित बैठकें की जाती हैं। ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय तेज रफ्तार से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लोगों से सतर्क और जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
0 Comments