धमतरी,-
जिले में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व, शिव बारात, भव्य शोभायात्रा तथा पाँच प्रमुख मेलों का आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सुनियोजित प्रबंधन के साथ शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। पुलिस की प्रभावी रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और व्यापक भीड़ नियंत्रण के कारण पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई।राजिम कुंभ मेला के दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कुलेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ स्तर पर निरंतर निगरानी के चलते 15 दिनों तक संचालित यह मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।जिले के प्रमुख मेलों—कुलेश्वर राजिम कुंभ मेला 15 दिन, कर्णेश्वर सिहावा मेला 5 दिन कोदोरास भखारा मेला, देवपुर अर्जुनी मेला तथा रुद्रेश्वर रुद्री मेला—में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान सतत पेट्रोलिंग, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति के कारण सभी मेले शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुए।मेले के दौरान गुम हुए बच्चों एवं अन्य व्यक्तियों को खोजकर परिजनों से मिलाने में पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
राजिम कुंभ मेले में गुम हुए 19 बच्चों (13 बालक एवं 6 बालिकाएं) सहित 2 महिलाओं और 6 पुरुषों को सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया। वहीं रुद्रेश्वर रुद्री मेले में गुम हुए 4 बच्चों को भी सकुशल मिलाया गया। इस प्रकार कुल 23 बच्चों सहित अन्य बिछड़े व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा संभावित विवादों की आशंका को देखते हुए हाथों में पहने वजनी कड़े उतरवाए गए। महाशिवरात्रि पर्व पर निकली भगवान शिव की भव्य बारात एवं शोभायात्रा भी व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के बीच बिना किसी अप्रिय घटना के सम्पन्न हुई।पूरे आयोजन के दौरान रूट डायवर्जन, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था लागू रही। पुलिस की सुदृढ़ रणनीति, अनुशासित बल तैनाती और समन्वित कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप जिले के सभी धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
0 Comments