धमतरी-
धमतरी जिला एवं आसपास के क्षेत्रों के 13 नवयुवकों का देश की प्रतिष्ठित अर्धसैनिक बलों—असम राइफल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल एवं सशस्त्र सीमा बल—में चयन होना जिले के लिए गौरव का विषय है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने चयनित युवाओं से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं,बल्कि जिले की प्रतिभा,अनुशासन और मेहनत का प्रमाण है।पुलिस अधीक्षक ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवधि में पूर्ण अनुशासन, धैर्य और समर्पण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है तथा नशे एवं किसी भी प्रकार की बुरी संगत से दूर रहकर शारीरिक और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशसेवा के दौरान संविधान, कानून और मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करना ही एक सच्चे जवान की पहचान है और अपनी कार्यशैली से माता-पिता, जिला और राज्य का नाम रोशन करना प्रत्येक जवान का दायित्व है।उन्होंने यह भी कहा कि अर्धसैनिक बलों में चयन कठोर परिश्रम, आत्मसंयम और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है तथा आने वाले समय में यही युवा अन्य नवयुवकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे और देश कीसुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान चयनित नवयुवकों में समीर गिरी असम राइफल, मुजगहन धमतरी, निरंजन सिंह साहु एसएसबी, बागतराई बालोद, शेखर ध्रुव एवं सोमप्रकाश ध्रुव बीएसएफ, मुजगहन धमतरी, हिमांचल माला बीएसएफ, पुरुर बालोद, त्रिलोकीनाथ तारम सीआरपीएफ, भेजा मैदानी बालोद, उत्तम यादव सीआरपीएफ, शंकरदाह धमतरी, डेकेश साहु सीआरपीएफ, कलारतराई धमतरी, टिकेश्वर साहु सीआईएसएफ, कर्माचौक धमतरी, पंकज बंजारे सीआईएसएफ, हरफतरई धमतरी दीपेश साहु सीआईएसएफ, शंकरदाह धमतरी, राहुल साहु सीआईएसएफ, मुजगहन धमतरी एवं खिलेश कुर्रे बीएसएफ, कोडेबोड़ धमतरी शामिल हैं। अंत में धमतरी पुलिस द्वारा सभी चयनित जवानों को अनुशासित, साहसिक एवं निष्ठावान राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
0 Comments