धमतरी- जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेलवे निर्माण कार्य से जुड़ी सरिया चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुरूद थाना पुलिस ने सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। इस कार्रवाई में चोरी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला सितंबर 2025 का है। प्रार्थी अमन कुमार दुबे निवासी अभनपुर जिला रायपुर द्वारा थाना कुरूद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 8- 9 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि ग्राम कन्हारपुरी के पास रेलवे टीएसएस के निर्माणाधीन स्थल से अज्ञात चोरों द्वारा 32 एमएम की 120 नग लोहे की सरिया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये है, चोरी कर ली गई थी। इस रिपोर्ट पर थाना कुरूद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन घटनास्थल निरीक्षण तकनीकी साक्ष्य तथा मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की गई। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर आरोपी विष्णु दास मानिकपुरी उर्फ लालू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने कथन में अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिलअन्यआरोपियों चंद्रभूषण सिंह शेख फैजल टी. शिव कुमार ओमप्रकाश बंजारे सुग्रीम राम एवं आकाश गुप्ता को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन तथा 120 नग लोहे की सरिया बरामद कर विधिवत जप्त की गई।पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य संकलित किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल कुछ आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज हैं जिसकी जानकारी विधिवत अभिलेखों में उपलब्ध है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में संगठित चोरी संपत्ति अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस सफल कार्रवाई से न केवल रेलवे निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों एवं एजेंसियों को राहत मिली है, बल्कि अपराधियों में भी पुलिस की सक्रियता को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।