धमतरी /कुरूद-
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ को प्राथमिकता देते हुए युवा नेता हरिशंकर सोनवानी को प्रदेश किसान मोर्चा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। लंबे समय तक धमतरी जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का नेतृत्व कर चुके सोनवानी को अब रसायन एवं उर्वरक बीज प्रकल्प का सह-प्रदेश संयोजक बनाया गया है। जिला स्तर के बाद राज्य संगठन में मिली इस नई भूमिका को उनके राजनीतिक सफर की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।गौरतलब है कि भालूकोना, कुरुद निवासी हरिशंकर सोनवानी वर्ष 2015 से लगातार तीन कार्यकाल तक धमतरी जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में कुरुद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अनुसूचित जाति मतदाता आधार को मजबूती मिली।राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने विद्यार्थी परिषद से की। रायपुर के दुर्गा कॉलेज में अध्ययन के दौरान संघ के धर्मजागरण विभाग से जुड़े रहने के कारण उन्हें धर्मसेना में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिली। इसी दौरान भाजपा नेतृत्व के संपर्क में आने के बाद उन्होंने पार्टी की सक्रिय राजनीति में कदम रखा।संगठन में निरंतर सक्रियता और कार्यकुशलता को देखते हुए वर्ष 2007 में उन्हें युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष तथा 2011 में युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। इसके बाद वे लगातार दस वर्षों तक अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को मुख्यधारा की राजनीति से जोड़ते हुए पार्टी की पकड़ को मजबूत किया।वर्तमान में हरिशंकर सोनवानी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में भी दायित्व निभा रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें किसान मोर्चा में जिम्मेदारी देकर राज्य स्तर पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया है।कुरुद क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है। किसान वर्ग को भी उम्मीद है कि रसायन, उर्वरक एवं बीज से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश स्तर पर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। सोनवानी की नई जिम्मेदारी से समर्थकों में हर्ष और संगठन में नई ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है।
0 Comments