धमतरी।
धान खरीदी व्यवस्था में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ किसान यूनियन एवं किसान संघ, जिला धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं कृषि मंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम जिला कलेक्टर धमतरी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। किसान संगठन ने मांग की है कि जिले के सभी बचे हुए किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए।  जिन किसानों का अब तक समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय नहीं हो पाया है, उनके लिए शासन के आदेश के बाद ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टोकन काटना बंद कर दिया गया है, जिससे किसान खरीदी से वंचित हो रहे हैं। ऐसे किसानों को तत्काल टोकन उपलब्ध कराकर धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।और यह भी उल्लेख किया कि अनेक किसान एक बार टोकन कटवाने के बाद दूसरा टोकन प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, जबकि एग्री स्टैक एवं गिरदावरी में सत्यापन के बावजूद उनकी पूरी भूमि का धान विक्रय शेष है। 
ऐसे किसानों को बिना इधर-उधर भटकाए तत्काल दूसरा टोकन जारी कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाए। किसानों के घर-घर जाकर किए जा रहे भौतिक सत्यापन एवं समर्पण की प्रक्रिया पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई है। किसान संगठन का कहना है कि एग्री स्टैक, ऋण पुस्तिका एवं गिरदावरी के माध्यम से किसान की पात्रता पहले से ही प्रमाणित होती है, इसके बावजूद अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर धान के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया किसानों को संदेह की दृष्टि से देखने जैसी है, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए।इसके साथ ही समितियों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने तथा मृत किसानों के मृत्यु प्रमाण पत्र एवं समिति पंजीयन के आधार पर उनके वैध वारिसान से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किए जाने की भी मांग की गई है। किसान अपनी खून-पसीने की कमाई से उपजाए गए धान को बेचने से वंचित न हों, इसके लिए शासन को तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने की व्यवस्था करनी चाहिए।