धमतरी-
जिले के ग्रामीण अंचलों को जिला मुख्यालय से सहज, सुरक्षित एवं सुगम रूप से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में कोलियारी–खरेंगा–दोनर–जोरातराई मुख्य जिला मार्ग का मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य अंतिम चरण में पहुँच गया है। लगभग 33.200 किलोमीटर लंबाई वाली इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना के पूर्ण होने से 35 से 40 गांवों के हजारों ग्रामीणों को आधुनिक आवागमन सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज खरेंगा–दोनर क्षेत्र में पहुँचकर निर्माणाधीन सड़क का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं प्रगति की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही पूर्ण किया जाए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि वर्षा के कारण कार्य कुछ समय प्रभावित हुआ था, लेकिन अब इसे युद्धस्तर पर पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यद्यपि परियोजना की निर्धारित समय-सीमा दिसंबर 2026 है, फिर भी इसे वर्षा पूर्व जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि मानसून के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।सीसी और बीटी रोड का संतुलित निर्माण
कलेक्टर ने जानकारी दी कि रिहायशी एवं बसाहट क्षेत्रों में सीसी रोड तथा अन्य हिस्सों में बीटी रोड का निर्माण किया जा रहा है। यह मार्ग महानदी के समानांतर स्थित होने के कारण रेत परिवहन को भी सुगम बनाएगा, जिससे शासन को राजस्व प्राप्ति में वृद्धि होगी। मार्ग के पूर्ण होने से धमतरी एवं कुरूद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलियारी, अमेठी, कलारतराई, परसुली, दर्दी, खरेंगा, सारंगपुरी, देवपुर, दिमरटिकुर, दोनर, सेमरा, जोरातराई, सेलदीप, मंदरौद सहित आसपास के दर्जनों गांवों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। जिला मुख्यालय तक पहुँचने में लगने वाला समय घटेगा, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुँच आसान होगी तथा स्वास्थ्य, व्यापार, कृषि विपणन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली जैसी सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी तेज प्रगति नदी-नालों से घिरे इस क्षेत्र में सड़क निर्माण एक बड़ी चुनौती रहा है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार संस्था के समन्वित प्रयासों से कार्य निरंतर प्रगति पर है। रिहायशी क्षेत्रों में सीसी रोड और शेष हिस्सों में बीटी रोड का निर्माण तीव्र गति से किया जा रहा है।सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण से इस अंचल में बारहमासी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। बेहतर सड़कों से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ेंगे।विकास की मुख्यधारा तक पहुँच सुदृढ़.टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़कों से ही संभव है। कोलियारी.खरेंगा.दोनर मार्ग के पूर्ण होने से ग्रामीण अंचलों के सामाजिक और आर्थिक विकास को वास्तविक गति मिलेगीइस सड़क परियोजना के अंतर्गत कुल 63 पुल-पुलियों का निर्माण किया जा रहा है।वर्तमान में 3 मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 7 मीटर किया जा रहा है। परियोजना में 10.800 किलोमीटर सीसी रोड (ग्राम एवं बसाहट क्षेत्र) तथा 22.400 किलोमीटर बीटी रोड शामिल है। अब तक 1.80 किलोमीटर सीसी रोड, 17.100 किलोमीटर सबग्रेड, 6.800 किलोमीटर जीएसबी, 95 मीटर रिटेनिंग वॉल, 55 मीटर टो वॉल, 3.800 मीटर नाली, 11 पाइप पुलिया एवं 36 स्लैब कल्वर्ट का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।