भारतीय सेना द्वारा अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 10 जनवरी 2026 से इंडोर स्टेडियम, धमतरी में किया जा रहा है, जो 24 जनवरी 2026 तक चलेगा। भर्ती रैली को लेकर प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सेना में सेवा का सपना लेकर मैदान में उतर रहे हैं।आज 19 जनवरी को धमतरी एवं बेमेतरा जिलों के युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। इस दिवस के लिए कुल 746 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, जिनमें से 635 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। कड़ी प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए 409 युवाओं ने दौड़ परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।अब तक छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के अग्निवीर जीडी ट्रेड के कुल 5,749 अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल हो चुके हैं, जिनमें से 3,989 युवाओं ने दौड़ परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को आगामी चरणों में शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन एवं चिकित्सकीय परीक्षण से गुजरना होगा।
सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के अग्निवीर लिपिक, अग्निवीर तकनीकी एवं ट्रेडमेन आठवीं पास अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे। वहीं 21 जनवरी को ट्रेडमेन दसवीं पास अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिन अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच किसी कारणवश अब तक नहीं हो सकी है, उन्हें 21 एवं 22 जनवरी 2026 को प्रातः 5:30 बजे निर्धारित दस्तावेजों के साथ अनिवार्य रूप से चिकित्सकीय जांच हेतु उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित तिथि में जांच न कराने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया जाएगा।जिला प्रशासन धमतरी एवं सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर के समन्वित सहयोग से भर्ती रैली को पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होती है। अभ्यर्थियों को किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति, एजेंट या दलाल के झांसे में न आने की सख्त हिदायत दी गई है।
0 Comments