जिले में मंडी अधिनियम के सख्त क्रियान्वयन और अवैध धान भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज धमतरी विकासखंड अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में धान भंडारण एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान ग्राम कोलियारी स्थित सुयश ट्रेडर्स के स्टॉक रजिस्टर का मिलान करने पर 29 क्विंटल धान अतिरिक्त पाया गया। उल्लेखनीय है कि उक्त ट्रेडर्स के विरुद्ध पूर्व में भी 6 दिसंबर को 67 कट्टा धान अधिक पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद पुनः अनियमितता पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए, बार-बार मंडी अधिनियम का उल्लंघन करने के कारण सुयश ट्रेडर्स के ग्राम कलार तराई स्थित गोदाम में रखे 561 कट्टा धान को गोदाम में ही सुरक्षित रखते हुए सील करने की कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में ग्राम लीलर स्थित श्रीराम किनारा स्टोर का भी धान निरीक्षण किया गया, जहां अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित व्यापारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम लीलर में ही नरेश लाल निर्मलकर की किराना दुकान से 30 कट्टा धान जब्त किया गया, जो नियमानुसार भंडारित नहीं पाया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंडी अधिनियम का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। किसानों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी धान उपार्जन व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध भंडारण पर पूर्ण नियंत्रण हेतु आगे भी इस प्रकार की सख्त और नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments