राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में यातायात जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में यातायात शाखा द्वारा आम नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।इसी क्रम में धमतरी पुलिस यातायात द्वारा वंदे मातरम इंग्लिश मीडियम स्कूल, धमतरी तथा ग्राम बनरौद स्थित हाई स्कूल में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पंपलेट वितरित किए गए। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों के पालन और सुरक्षित एवं अनुशासित सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया और नशामुक्त जीवन अपनाने का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण भी है, जिससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों का जीवन भी जोखिम में पड़ता है।इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अंबेडकर चौक से बस स्टैंड तक प्रमुख मार्गों पर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता फ्लेक्स बैनर भी लगाए जा रहे हैं।धमतरी पुलिस यातायात द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भविष्य की पीढ़ी में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन एवं नशामुक्त समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित समाज का निर्माण सुनिश्चित हो सके।
0 Comments