धमतरी-
स्वामी विवेकानंद की जयंती के पावन अवसर पर ग्राम झुरा नवागांव में नव युवा विवेकानंद समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा एवं विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना से परिपूर्ण इस आयोजन में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू विशेष रूप से शामिल हुईं।आयोजन के दौरान राष्ट्रीय संत मोहित राम पाठक के श्रीमुख से भगवान श्रीराम की पावन कथा का वाचन किया गया। कथा के क्रम में श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंग का भावपूर्ण और प्रेरणादायक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर पूरा पंडाल भक्ति भाव से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। इस अवसर पर रंजना साहू ने कथा वाचक संत मोहित राम पाठक से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रंजना साहू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी जयंती के अवसर पर भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण करना सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और सुशासन की प्रेरणा देता है। श्रीराम का राज्याभिषेक केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि आदर्श शासन व्यवस्था का प्रतीक है, जिसे आज के समाज और राष्ट्र को आत्मसात करने की आवश्यकता है।उन्होंने आगे कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं तथा युवाओं में भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के प्रति आस्था को सुदृढ़ करते हैं। रंजना साहू ने सफल आयोजन के लिए नव युवा विवेकानंद समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष केशव साहू, भोथली मंडल अध्यक्ष मिश्री पटेल, जनपद सदस्य सत्यप्रभा किशोर साहू, आयोजन समिति अध्यक्ष फलेंद्र साहू सहित वरिष्ठजन एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत के सरपंच, समाजसेवी, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।