धमतरी-
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ युवाओं और एक संस्था को सम्मानित किया। इस अवसर पर धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली तथा आरू साहू को लोककला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया गया।खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्पायु में ही भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया। उन्होंने युवाओं से दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।समारोह में युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता एवं जल स्रोतों के संरक्षण जैसे क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था को सम्मान स्वरूप 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।वहीं छत्तीसगढ़ की उभरती हुई लोक गायिका आरू साहू को लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से नवाजा गया। उन्हें 1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। आरू साहू अपने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, विशेषकर छठ पूजा गीतों के माध्यम से डिजिटल मंचों पर लाखों श्रोताओं तक पहुंच बनाकर राज्य की लोकसंस्कृति को नई पहचान दिला रही हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि युवा रत्न सम्मान के लिए प्राप्त आवेदनों से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार समाज सेवा और व्यक्तिगत उपलब्धियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पित है।समारोह में मुख्यमंत्री ने बेमेतरा के युवा वैज्ञानिक पीयूष जायसवाल, कांकेर की शिल्पा साहू, सरगुजा के अमित यादव, महासमुंद की मृणाल विदानी, दुर्ग की परिधि शर्मा, बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी तथा कवर्धा के सचिन कुनहरे को भी छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान प्रदान किया|