धमतरी-
धमतरी पुलिस द्वारा आयोजित वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्ष 2025 का समग्र लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि जिले में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और नशा विरोधी अभियानों के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में कुल अपराधों में 35.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।आंकड़ों के अनुसार जहां वर्ष 2024 में कुल 2370 अपराध प्रकरण दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1529 रह गई। भादवि/बीएनएस के अंतर्गत दर्ज अपराधों में भी 37.52 प्रतिशत की गिरावट आई है तथा इस दौरान 1439 आरोपियों की गिरफ्तारी कर प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की गई। हत्या जैसे जघन्य अपराधों के सभी मामलों का वर्ष 2025 में सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 61 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं हत्या के प्रयास, लूट, नकबजनी, चोरी, शीलभंग, बलात्कार, अपहरण एवं अन्य संगीन अपराधों में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
सम्पत्ति संबंधी अपराधों में 41.86 प्रतिशत की कमी के साथ डकैती, लूट और चोरी के मामलों में 70.90 प्रतिशत तक संपत्ति की बरामदगी कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई गई। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए नारकोटिक्स एक्ट के तहत 51 प्रकरणों में 80 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि आर्म्स एक्ट के अंतर्गत भी वर्ष 2024 की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार जब्त किए गए।
महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के क्षेत्र में भी धमतरी पुलिस ने प्रभावी भूमिका निभाई है। महिला संबंधी अपराधों में 40.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, वहीं “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के माध्यम से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित की गई। सड़क सुरक्षा अभियानों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 20.05 प्रतिशत, मृतकों की संख्या में 8.67 प्रतिशत तथा घायलों की संख्या में 31.26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।प्रवर्तन कार्यवाही के अंतर्गत वर्ष 2025 में 21,474 प्रकरणों में 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 111.76 प्रतिशत अधिक है। गंभीर, क्लूलेस एवं अंतरराज्यीय अपराधों का त्वरित खुलासा, नक्सली डम्प की बरामदगी, जिला बदर की कार्रवाई, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा जनहितकारी अभियानों ने जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया।पुलिस अधीक्षक ने अपने संदेश में कहा कि धमतरी पुलिस जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा वर्ष 2026 में भी नशा नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और अपराध रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।