उप मुख्यमंत्री ने किया स्वामी विवेकानंद मंगल भवन का लोकार्पण, प्रतिमा का अनावरण
धमतरी -
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, कुरूद का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर के समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास को गति देने के उद्देश्य से 17 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से प्रस्तावित विभिन्न नगर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वारा स्वामी विवेकानंद मंगल भवन का लोकार्पण किया गया तथा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कर नगरवासियों को एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं वैचारिक धरोहर समर्पित की गई।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं और समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं तथा ऐसे सार्वजनिक स्थलों से सामाजिक चेतना को बल मिलता है।उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कुरूद नगर में प्रस्तावित विकास कार्य आने वाले समय में नगर की कार्यक्षमता और जीवन-स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, प्रकाश बैस सहित नगर पालिका परिषद के पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
0 Comments