मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
धमतरी,
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को रुद्री के समीप महानदी मुख्य नहर पर निर्माणाधीन पुल का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मार्ग में लगे विद्युत पोल हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा पुल निर्माण कार्य को मार्च 2026 तक हर हाल में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।कलेक्टर मिश्रा ने बेंद्रानवागांव चौक से बांध तक पहुंच मार्ग के लिए पृथक से प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए, ताकि उसे आगामी बजट में शामिल कराया जा सके। इसके साथ ही बैराज से अछोटा तक के पहुंच मार्ग को भी इसी प्रस्ताव में सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि इस पुल के निर्माण से रुद्री, बेंद्रानवागांव, अछोटा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। पुल बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, समय और ईंधन की बचत होगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।उन्होंने बताया कि इस पुल के माध्यम से पर्यटन स्थल रुद्री बैराज तक पहुंच और अधिक सुगम होगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने प्रोटेक्शन वॉल निर्माण को भी बजट में शामिल करने हेतु प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए अधिकारियों ने जानकारी दी कि उक्त पुल निर्माण कार्य की कुल लागत 534.30 लाख रुपये है, जिसमें से लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग कुरेशिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments