पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मगरलोड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो वाहन एवं मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारतमाला नगरी रोड के रास्ते अवैध रूप से गांजा लेकर दो वाहनों में कुछ व्यक्ति कुरुद की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर भारतमाला रोड स्थित महानदी पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल एवं स्कूटी सवार तीन संदेहियों को रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें दो आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि एक स्कूटी चालक वाहन को लॉक कर फरार हो गया।पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद काले रंग के बैग एवं स्कूटी की डिक्की से कुल चार पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में तौल करने पर कुल 9.056 किलोग्राम गांजा पॉलीथिन सहित पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये आँकी गई है।पुलिस ने गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक CG 23 P 4905 कीमत लगभग 50 हजार रुपये, एक बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी कीमत लगभग 50 हजार रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत लगभग 10 हजार रुपये जप्त किए हैं। इस प्रकार कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 5 लाख 60 हजार रुपये है।मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।गिरफ्तार आरोपियों में रसिया कमार उर्फ रसीक पिता राम कमार उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कुमली थाना रायघर जिला नवरंगपुर ओडिशा तथा परमेश्वर बाग पिता भुनेश्वर बाग उम्र 53 वर्ष निवासी ग्राम खैरपदर थाना धरमगढ़ जिला कालाहांडी ओडिशा शामिल हैं।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
0 Comments