धमतरी |
धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वित्तीय सशक्तिकरण के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी में निवेश एवं बचत विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुई।कार्यशाला में पुलिस कर्मियों को वेतन से होने वाली बचत को सुरक्षित निवेश माध्यमों में लगाकर बेहतर रिटर्न प्राप्त करने, भविष्य की वित्तीय आवश्यकताओं के लिए योजनाबद्ध बचत, आयकर नियमों तथा दीर्घकालीन वित्तीय नियोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।राज्य सरकार के साथ हुए एमओयू (टाई-अप) के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा एवं म्युचुअल फंड विशेषज्ञों की टीम द्वारा सुरक्षित निवेश, एसआईपी एवं म्युचुअल फंड, सरकारी बचत योजनाएं, रिटायरमेंट प्लानिंग एवं वित्तीय अनुशासन पर प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं जोनल प्रमुख रायपुर जोन दिवाकर प्रसाद सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।विशेषज्ञों ने बच्चों की शिक्षा, विवाह, आवास निर्माण तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए नियमित बचत के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही साइबर फ्रॉड एवं निवेश से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई, ताकि पुलिस कर्मी किसी भी वित्तीय जाल में न फँसें।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुलिस फोर्स का अनुशासन केवल ड्यूटी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वित्तीय जीवन में भी अनुशासन उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नववर्ष में पुलिस कर्मियों के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वित्तीय सुदृढ़ता एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यशाला के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा की टीम द्वारा पीपीएफ, एनएससी, केवीपी, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड, मेडिक्लेम एवं टर्म इंश्योरेंस जैसी सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की भी जानकारी दी गई। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए सराहना की।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मणिशंकर चन्द्रा, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी  मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, बैंक ऑफ बड़ौदा के  बनंबर बेहरा,  ओंकार नाथ सिंह,  सूरज गुप्ता, रक्षित निरीक्षक  दीपक शर्मा सहित जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।